शमशाबाद। कस्बे के चौराहे पर स्थित सर्राफा की दुकान से शनिवार को जेवर खरीदने के बहाने से आए टप्पेबाज ने सोने की बालियां पार कर दी। जानकारी होने पर दुकानदार ने उसका पीछा किया, लेकिन टप्पेबाज हत्थे नहीं चढ़ा। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
मोहल्ला दुबे निवासी नमो नारायन की कस्बे के चौराहे पर सर्राफा की दुकान है। नमो नारायन के मुताबिक शनिवार की दोपहर वह अपने पुत्र शिशिर कुमार के साथ दुकान पर बैठे थे। तभी एक युवक ने आकर सोने का ऊं और चांदी का सिक्का दिखाने को कहा।
सोने का ऊं और चांदी का सिक्का खरीदने के बाद युवक ने चांदी के गिलास मांगे। दुकान में गिलास न होने पर शिशिर कुमार कस्बे में ही स्थित अपने चाचा की दुकान से चांदी का गिलास लेने चले गए। इसी बीच युवक ने सोने की बालियां दिखाने को कहा। नमो नारायन युवक को बालियां दिखाने लगे। इसी दौरान एक और ग्राहक आ गया। नमो नारायन दूसरे ग्राहक को सामान दिखाने लगे। इसी बीच युवक डिब्बे में रखी बाली लेकर चंपत हो गया।
टप्पेबाज युवक को बालियां ले जाते देख पास में चाट-पकौड़ी का ठेला लगाए कल्लू ने नमो नारायन को सूचना दी। यह जानकारी मिलते ही नमो नारायन ने उसका पीछा किया लेकिन तब तक टप्पेबाज युवक भाग चुका था। नमो नारायन ने बताया कि टप्पेबाज एक जोड़ी बाली चुरा ले गया है।