कमालगंज। कस्बा से सवारी लेकर फतेहगढ़ जा रहा टेंपो रास्ते में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रेलवे बैरिकेडिंग में घुस गया। हादसे में चालक व तीन यात्री घायल हुए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
थाना क्षेत्र के गांव महरुपुर रावी निवासी निखिल कुमार (22) कमालगंज- फतेहगढ़ रूट पर टेंपो चलाता है। रविवार सुबह करीब नौ बजे निखिल कस्बा के रेलवे तिराहे से सवारी लेकर फतेहगढ़ जा रहा था। रास्ते में नगला दाऊद गांव के निकट पिकअप गाड़ी के कट मारने से अनियंत्रित टेंपो सड़क किनारे स्थित रेलवे बेरिकेडिंग में घुस गया।
हादसे में चालक निखिल व यात्रा कर रही छीता कपूरापुर निवासी रामकुंडली (42), कन्नौज जिला के गुरसहायगंज कोतवाली के समधन निवासी गुलशन (22) व कैश (19) घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सक की टीम ने घायलों का उपचार किया।
घायल रामकुंडली ने बताया कि वह दिल्ली जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए फतेहगढ़ स्टेशन जा रही थी। गुलशन ने बताया कि वह अपने बच्चे को दवाई दिलाने फतेहगढ़ जा रही थी। टेंपो चालक गाने बजाकर तेज रफ्तार से चला रहा था।