लालगंज। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज पल्हना मार्ग पर नरसिंहपुर गांव के समीप सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज के पौत्र की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। हादसे के समय बुलेट से मुंडन समारोह से घर लौट रहा था। तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। युवक मर्चेंट नेवी में काम करता था।
बृहस्पतिवार की रात लालगंज के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज के पौत्र 35 वर्षीय विपिन सरोज निवासी मोहनपुर पटवास 10 बजे रात को मुंडन समारोह से बुलेट से अपने एक मित्र के साथ घर वापस लाैट रहा था। रास्ते में पल्हना लालगंज मार्ग पर नरसिंहपुर के समीप अज्ञात वाहन से टक्कर मार दी। हादसे में वह बुरी तरह से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से लालगंज स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें आजमगढ़ के लिए रेफर कर दिया। मुख्यालय पर उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सांसद के पौत्र के साथ हुई दुर्घटना में मौत का समाचार मिलते ही उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। वहीं इस दुर्घटना से युवक की माैत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल है।