शमसाबाद। रंजिश में पूर्व प्रधान व प्रधान के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों से पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। मामले में प्रधान पति व पूर्व प्रधान समेत 20 हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव संतोषापुर निवासी मनोज कुमार ने प्रधानपति समेत 10 लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र देकर कहा कि वे अपने पुत्र आरपी सिंह और भाई सनोज कुमार के साथ दरवाजे पर बैठे थे। गांव के ही प्रधान पति नरेशचंद्र अपने परिजनों के साथ आए और जमीन के विवाद की रंजिश में गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर हमलावरों ने मनोज कुमार, उनके पुत्र व भाई को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया।
सूचना पर पूर्व प्रधान सोनपाल पहुंचे और घायलों को लेकर थाने आए। वहीं प्रधान पति नरेशचंद्र ने तहरीर देकर कहा कि गांव के ही प्रेम सिंह की वसीयत पूर्व ग्राम प्रधान सोनपाल और मनोज कुमार ने अपने नाम फर्जी तरीके से करा ली। उन्होंने इसका विरोध किया था।
इसी रंजिश में पूर्व प्रधान सोनपाल और मनोज अपने समर्थकों के साथ आए और दरवाजे के सामने गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट कर दी। ईंट-पत्थर भी चलाए।
थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि एक पक्ष से प्रधान पति नरेशचंद्र, सत्य कुमार, सुमित कुमार, सौरभ, विनोद, अजीत, सतेंद्र, अमन, नेमित, योगेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, दूसरे पक्ष से रीता पाल पुत्री प्रेम सिंह, सनोज कुमार, मनोज कुमार, आरपी, विमलेश कुमार, पूनम पत्नी सुधांशु, पूर्व प्रधान सोनपाल, अजय कुमार, अनिल कुमार व प्रमोद कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।