कमालगंज (फर्रुखाबाद)। ससुराल जा रहे युवक को बुधवार को टक्कर मार कर बाइक सवार तीन युवकों ने मोबाइल व 50 हजार रुपये छीन लिए। घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जिला कन्नौज कोतवाली गुरसहायगंज क्षेत्र के अनिबोझ निवासी विमलेश कुमार जयपुर से कमालगंज पहुंचा। यहां से वह ई रिक्शा पर सवार होकर क्षेत्र के गांव महरुपुर राबी स्थित ससुराल जा रहा था। रामलीला मैदान के निकट रिक्शा की बैटरी खत्म हो जाने पर वह पैदल जाने लगा। तभी कोल्ड स्टोरेज के पास एक बाइक ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने विमलेश की जेब में रखे 50 हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। विमलेश को घायल अवस्था में सीएचसी पहुंचाया गया। जहां पैर में गंभीर चोट होने पर उसे लोहिया अस्पताल भेज दिया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। बाइक सवारों के बारे में जानकारी की जा रही है। (संवाद)