कायमगंज (फर्रुखाबाद)। क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में कानपुर व बदायूं से आए दो लोगों व एक अन्य ग्रामीण को स्पेशल फ्लू कैंप से कोरोना के शक में जांच के लिए भेजा गया है। सोमवार को आइसोलेशन वार्ड में रोके गए 8 लोगों को जांच के बाद घर में ही क्वारंटीन में रहने के लिए भेज दिया गया है।
क्षेत्र के गांव अलियापुर निवासी 18 वर्षीय युवक कानपुर के दादानगर में चाय के ढाबे पर काम करता था। इस इलाके को हॉट स्पॉट घोषित किया जा चुका है। रविवार को युवक गांव आ गया। गांव तुर्क ललैया निवासी युवक 10 अप्रैल को बदायूं से गांव लौटा है। दोनों को स्वास्थ्य टीम ने ट्रेस किया और स्पेशल फ्लू कैंप लाए।
सीएचसी के बीसीपीएम ने बताया कि दोनों युवकों में कोई लक्षण तो नहीं पाए गए, लेकिन हॉट स्पॉट से आए हैं। इसलिए जांच जरूरी है। गांव रानीपुर गौर निवासी 55 वर्षीय ग्रामीण को स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम की डॉ. रजनी ने गांव जाकर देखा। कई दिनों से उन्हें सांस लेने में दिक्कत है। तीनों को एंबुलेंस से जांच के लिए मिशन अस्पताल भेज दिया गया है।
कैंप प्रभारी सतेंद्र कटियार ने बताया कि सोमवार को बाहर से आए आइसोलेशन में रोके गए 10 में से 8 लोगों की फ्लू कैंप में ही जांच की गई। इसके बाद उन्हें घर पर ही क्वारंटीन करने को कहा गया है। बाकी दो लोगों को सोमवार शाम को ही लोहिया अस्पताल भेज दिया गया था। मंगलवार को ओपीडी में डॉ. संदीप अग्रवाल, डॉ. विकास शर्मा, डॉ. जितेंद्र, डॉ. गजेंद्र पाल सिंह, रहे। 56 मरीज देखे गए, 69 की थर्मल स्कैनिंग हुई।