कायमगंज। नगर के मोहल्ला जवाहरगंज निवासी किसान नेता मुन्नालाल सक्सेना और हिंदूवादी नेता प्रदीप सक्सेना के बीच पुराना विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में आए दिन कहासुनी और मारपीट होती रहती है।
पिछले दिनों मुन्नालाल के घर बिजली चेकिंग के दौरान हुए विवाद का वीडियो सामने आया था, जिसके आधार पर प्रदीप सक्सेना ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। सोमवार को कार्रवाई न होने का आरोप लगाकर प्रदीप ने जहर खाने की बात कही और सीएचसी पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर किया, लेकिन वे इलाज कराने नहीं गए और पुलिस पर दबाव बनाते रहे।
बढ़ते विवाद को देखते हुए चौकी प्रभारी नागेंद्र सिंह ने दोनों पक्षों से किसान नेता मुन्नालाल सक्सेना, उनके पुत्र मिलन व विनीत व हिंदूवादी नेता प्रदीप सक्सेना और उनके पुत्र जय सक्सेना को शांतिभंग की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अनुराग मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के पांच लोगों को शांतिभंग करने पर गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।