बीज व्यापारी के स्कूटर की डिकी से दो लाख रुपये पार
फर्रुखाबाद। ठंडी सड़क स्थित पट्रोल पंप पर बीज व्यापारी के स्कूटर की डिकी का लॉक तोड़कर टप्पेबाजों ने दो लाख रुपये पार कर दिए। व्यापारी ने टप्पेबाज को भागते देख आवाज लगाई। तब तक टप्पेबाज बाइक लेकर खड़े साथी के साथ लालगेट की ओर भाग गया। सूचना पर पूरे शहर में वाहन चेकिंग कराई गई। एसपी ने व्यापारी से जानकारी की है।
मोहल्ला अंगूरीबाग निवासी थोक बीज व्यापारी सुखराम शाक्य ने ठंडी सड़क स्थित आईडीबीआई बैंक से शनिवार दोपहर 2 लाख रुपये निकालकर स्कूटर की डिकी में रखे थे। वे घर जा रहे थे लेकिन कुछ दूर जाकर स्कूटर का पेट्रोल खत्म हो गया। इस पर वे पट्रोल पंप पहुंचकर बोतल में पेट्रोल लेने लगे।
तभी पीछा कर रहे टप्पेबाज ने स्कूटर की डिकी का लॉक तोड़कर रुपये भरा थैला निकाल लिया। सुखराम पेट्रोल लेकर स्कूटर के पास आए तो डिकी खुली और टप्पेबाज थैला लेकर भागता दिखाई दिया। इस पर उन्होंने शोर मचाया। लोग दौड़े लेकिन टप्पेबाज पहले से खड़े अपने साथी की बाइक पर बैठकर लालगेट की ओर भाग गया।
व्यापारी की सूचना पर कोतवाल वेद प्रकाश पांडेय व सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड मौके पर पहुुंचे। कुछ देर बाद ही एसपी डॉ. अनिल मिश्रा भी पहुंच गए। उन्होंने सुखराम से पूरे प्रकरण की जानकारी करने के बाद शहर में वाहन चेकिंग कराई, लेकिन टप्पेबाज हाथ नहीं आए।
सुखराम ने बताया कि वह घर से ही बीज का थोक का काम करते हैं। उन्हें सिरसागंज के व्यापारी को भुगतान करना था। इसके लिए ही रुपये निकालकर ले जा रहे थे। सुखराम ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए टप्पेबाज
पुलिस ने बैंक से लेकर पेट्रोल पंप व ठंडी सड़क की अन्य दुकानों व शॉपिंग स्टोर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें दोनों टप्पेबाजों के फोटो मिल गए हैं। कोतवाल वेद प्रकाश पांडेय का दावा है कि घटना का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा।
बैंकों में चेकिंग के नाम पर पुलिस करती है खानापूर्ति
बैंकों में चेकिंग को लेकर आईजी ने पहले ही जिले के अधिकारियों को अलर्ट कर दिया था। इसके बाद भी पुलिस बैंकों में चेकिंग के नाम पर खानापूर्ति करती है। इसके चलते ही टप्पेबाज आसानी से किसी बैंक में जाकर रैकी करने में कामयाब हो जाते हैं। जब घटना हो जाती है तो दो चार दिन पुलिस सख्ती से काम करती है। इसके बाद फिर पुराने ढर्रे पर काम करने का रवैया अपना लेती है।