कमालगंज सीएचसी में घायल गुड्डी का उपचार करते डॉक्टर विकास पटेल व अन्य।
- फोटो : कमालगंज सीएचसी में घायल गुड्डी का उपचार करते डॉक्टर विकास पटेल व अन्य।
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। घर लीपने के लिए तीन किमी. दूर मिट्टी खोदने गईं चचेरी बहनें हादसे का शिकार हो गई। गड्ढे से खोदाई के दौरान ऊपर से गिरी मिट्टी में दबकर दोनों घायल हो गईं। सीएचसी ले जाने पर चिकित्सक ने एक बालिका को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल बालिका को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के पैगूपुर ग्राम पंचायत के मजरा तलैया नगला निवासी रामधनी की 14 वर्षीय पुत्री गुरमिता सिंह उर्फ नन्ही मंगलवार सुबह करीब 11 बजे परिवार की सरला देवी व अन्य बालिकाओं संग गांव सदरियापुर स्थित टीले से मिट्टी खोदने गई थीं। गुरमिता अपनी चचेरी बहन गोल्डी (11) पुत्री सुदामा सिंह के साथ करीब पांच फीट गहरे गड्ढे के अंदर से मिट्टी खोद रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे मिट्टी का टीला गिरने से गुरमिता व गुड्डी दब गईं।
इस पर वहां मौजूद सरला देवी व अन्य बच्चियां चिल्लाने लगीं। खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल पर पहुंचे और मिट्टी के नीचे दबी घायलों को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने गुरमिता को मृत घोषित कर दिया, वहीं घायल गुड्डी की हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
गुरुमिता की मां मंजू देवी, पिता रामधनी व ताई सरला शव को देख बिलखने लगीं। गुरमिता का एक भाई सोमेश व तीन बहनें सुमन, रुबीना, सुहानी हैं। घटना की जानकारी पर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय व इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ की। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि घायल बालिका का उपचार चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।