कायमगंज। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को एआरटीओ ने चेकिंग अभियान में रोडवेज के रंग की डग्गामार बस और एक स्कूल बस पकड़कर सीज कर दी। दोनों वाहनों की एफआईआर दर्ज कराने और परमिट निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने डग्गामार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके तहत एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने कायमगंज में चेकिंग अभियान चलाया। टीपी चौराहे पर फर्रुखाबाद से दिल्ली आनंद बिहार जा रही बस को जांचा गया। उसका रंग रोडवेज की बसों से मिलता-जुलता था। बस के आगे और पीछे फर्रुखाबाद एटा डिपो तथा उत्तर प्रदेश लिखा था।
बस की साइड में भी उत्तर प्रदेश लिखा हुआ था। अंदर दिल्ली-आनंद बिहार की प्लेट लगी मिली। एआरटीओ ने बस का चालान कर 36,500 रुपये जुर्माना लगाया। एआरएम रोडवेज को बस मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा गया है। बस का परमिट निरस्त कराने के लिए सचिव, राज्य परिवहन प्राधिकरण लखनऊ को पत्र लिखा है। इसके अलावा, टीम ने बाईपास रोड से किरण पब्लिक स्कूल की बस पकड़ी। स्कूल बस की फिटनेस नहीं हुई थी, उसका टैक्स भी जमा नहीं था। इस पर 32,000 रुपये जुर्माना और 70,000 रुपये टैक्स लगाकर वाहन को मंडी समिति परिसर में खड़ा करवा दिया गया।