गौतम गंभीर और यूपी के खेल मंत्री में छिड़ी ट्विटर जंग
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद जिले के प्रभारी मंत्री व किसी जमाने में भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज रहे चेतन चौहान और विश्वकप विजेता टीम का हिस्सा रहे पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर मेंट्विटर वार छिड़ गया है। विवाद की वजह बने हैं टीम इंडिया के नवोदित तेज गेंदबाज नवदीप सैनी जिन्होंने शनिवार को ही वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है।
दो साल से नवदीप सैनी को टीम इंडिया में शामिल करने की बात कही जा रही थी। इस बार का आईपीएल खत्म होने के बाद उन्हें नेट गेंदबाज के तौर पर विश्व कप में टीम इंडिया के साथ भी भेजा गया था। इसके बाद जब विश्व के नंबर एक तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भारतीय टीम ने आराम दिया तो उनके स्थान पर नवदीप सैनी को टी-20 टीम शामिल किया गया। शनिवार को कैरेबियन टीम के खिलाफ अपने पहले ओवर में ही नवदीप ने लगातार दो गेंदों में दो बल्लेबाजों को पवेलियन की राह पकड़ा दी।
गौतम गंभीर यूपी के खेल मंत्री में छिड़ी ट्विटर जंग
- फोटो : अमर उजाला
इसके बाद ही दोनों पूर्व क्रिकेटरों का विवाद छिड़ गया। दरअसल इसके बाद दिल्ली से सांसद व भारत की 2011 व 2007 विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाने वाले गौतम गंभीर ने ट्विट किया था कि नवदीप तुमने भारतीय टीम के साथ मैदान में जाते ही दो विकेट चेतन चौहान व पूर्व भारतीय कप्तान विशन सिंह बेदी के गिरा दिए हैं। इसके बाद ही दोनों खिलाड़ियों में विवाद शुरू हो गया।
सूबे के खेल मंत्री और फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री चेतन चौहान ने इसका जवाब दिया कि मै नियमों में बंधा था। खुद को महिमामंडित करने के लिए दूसरों को छोटा साबित मत करो। दिल्ली क्रिकेट संघ के नियमों के मुताबिक दूसरे राज्य के खिलाड़ियों के लिए एक साल का समय रखा गया है। इतना ही नहीं पूर्व कप्तान व अपने जमाने के दिग्गज स्पिनर बिशन सिंह बेदी ने भी गंभीर को अपने अंदाज में जवाब दिया है।
गौतम गंभीर यूपी के खेल मंत्री में छिड़ी ट्विटर जंग
- फोटो : अमर उजाला
क्या है पूरा मामला
दरअसल करीब चार साल पहले गौतम गंभीर ने नवदीप की गेंदबाजी पर प्रैक्टिस की थी। इससे वह काफी प्रभावित हुए थे। इसी के चलते वह हरियाणा राज्य के नवदीप को दिल्ली टीम में शामिल करवाना चाहते थे। इसके लिए वह चयनकर्ताओं के पास गए थे।
लेकिन डीडीसीए में रहे बिशन सिंह बेदी व चेतन चौहान ने इसका विरोध किया था। लेकिन अपनी जिद पर अड़े गंभीर ने नवदीप को दिल्ली की टीम में जगह दिला दी थी। अब नवदीप टीम इंडिया तक पहुंच गए है। इसी से गौतम गंभीर फिर से इन पूर्व खिलाड़ियों पर भड़क गए है।