कायमगंज। कंपिल थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया निवासी महिपाल (45) ने आर्थिक तंगी और बीमारी से परेशान होकर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन सीएचसी कायमगंज लेकर पहुंचे, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।
बताया गया है कि महिपाल दिल के मरीज हैं और उनका इलाज कानपुर में चल रहा है। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण दवाएं नहीं खरीद पा रहे थे। परिजन किसी तरह इलाज के लिए रुपये जुटाने में लगे थे। इसी बीच शुक्रवार को उनके छोटे बेटे ने पपीता खाने के लिए पैसे मांगे। महिपाल के पास पैसे नहीं थे, यह बात उन्हें विचलित कर गई। मानसिक तनाव में आकर उन्होंने जहर खा लिया। घटना की जानकारी होने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।