फाेटो-10 कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते व्यापारी। संवाद
- फोटो : राष्ट्रीय लोकदल के कार्यालय में विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक करते कार्यकर्ता।
फर्रुखाबाद/ मोहम्मदाबाद। मोहम्मदाबाद में संकिसा सड़क चौड़ीकरण के विरोध में शुक्रवार को व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। लोक निर्माण विभाग के नोटिस को लेकर व्यापारियों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। व्यापारी सड़क की चौड़ाई 10 मीटर से बढ़ाकर 14 मीटर किए जाने का विरोध कर रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को दुकानदारों को नोटिस जारी कर बीच सड़क से दोनों ओर 14-14 मीटर जगह खाली करने के निर्देश दिए थे। इससे पहले सड़क के बीच से दोनों ओर 10-10 मीटर की दूरी पर नाली का निर्माण कराया गया था। व्यापारियों का कहना है कि अब 14-14 मीटर चौड़ाई लेने से उनकी दुकान और मकान भी अतिक्रमण की चपेट में आ रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग ने अतिक्रमण स्वयं हटाने के लिए मात्र तीन दिन का समय दिया है। व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष बृजेश दुबे और भाकियू के ब्लॉक प्रभारी क्षेत्रपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में 50 से अधिक व्यापारी कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने वहां नारेबाजी की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि व्यापारियों का निर्माण नाला और नाले के पीछे है, फिर भी उन्हें नोटिस जारी किए गए। 14 मीटर चौड़ाई लेने से व्यापारियों को बड़ा नुकसान होगा।
उन्होंने जिलाधिकारी से व्यापारी के हितों को ध्यान में रखते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की है। व्यापारियों ने मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान रामबाबू, मो.यूनिस, प्रदीप, आसिफ आदि मौजूद रहे।