बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता बेहतर करने को शिक्षकों को प्रशिक्षण देना शुरू हो गया है। शिफ्टवार सभी बीआरसी पर शिक्षकों को दो दिन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका शुभारंभ शुक्रवार से हो गया है।
राज्य परियोजना निदेशक के आदेश पर जिले की सात ब्लॉक व नगर क्षेत्र के शिक्षकों का बीआरसी पर प्रशिक्षण शुरू हुआ है। आधारशिला हस्तपुस्तिका एवं आधारशिला क्रियान्वयन संदर्शिका (हिंदी-गणित) एवं प्रिंट रिचमेटेरियल के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें 60-60 शिक्षकों को शिफ्टवार दो दिन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एसआरजी यदुराज पाल एवं एआरपी प्रशिक्षकों ने मोहम्मदाबाद में शिक्षकों को प्रशिक्षण की रूपरेखा बताई। राजेपुर बीआरसी पर बीईओ रमेश चंद्र जौहर ने शिक्षकों को प्रशिक्षण से होने वाले लाभों की जानकारी दी। डीसी रिचा यादव ने प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्रोजेक्टर के माध्यम से दिया जा रहा है।
मानीटरिंग के लिए प्रशिक्षण कक्ष में वेब कैमरा लगाए गए हैं। इससे राज्य परियोजना निदेशक व विभागीय अधिकारी ऑनलाइन प्रशिक्षण का निरीक्षण करते हैं।
परिषदीय विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने वाले नवचयनित 752 शिक्षकों को डायट रजलामई शमसाबाद में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शुक्रवार को शिक्षकों को प्रेरणा एप, प्रेरणा सूची, प्रेरणा तालिका, दीक्षा एप, आधारशिला हस्तपुस्तिका एवं आधारशिला क्रियान्वयन संदर्शिका (हिंदी-गणित) का प्रशिक्षण दिया गया।
21 खिलाड़ियों का हुआ चयन
फर्रुखाबाद। फतेगढ़ स्थित ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में शुक्रवार को यूपी अंडर-19 टीम के चयन का ट्रायल हुआ। इसमें 55 खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इसमें से 11 बल्लेबाजों व 10 गेंदबाजों का चयन किया गया। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मोहन लाल अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को स्टेडियम में अंतिम ट्रायल होगा। (संवाद)