उधरनपुर काली नदी पुुल क्षतिग्रस्त होने के बाद गुरुवार को तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। दोपहिया वाहन और पैदल यात्री निकल सकेंगे। बड़े वाहनों को रोकने के लिए दीवारें भी बना दी गई हैं और पुलिस भी तैनात है।
कन्नौज जिले के गांव उधरनपुर के पास 48 वर्ष पहले काली नदी पर बनाए गए पुल की बेयरिंग गल गई। इससे पुल बुधवार को धसक गया था। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आदित्य कुुमार ने मौके पर जायजा लेकर आवागमन रोकने के निर्देश दिए थे। बुधवार रात पुल के दोनों ओर चार-चार फीट ऊंची दीवारें बनवा दी गईं।
गुरुवार को पुल से तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के निकलने पर रोक लगा दी गई। पुल से पैदल और दो पहिया वाहन ही निकल रहे हैं। पुल के दोनों ओर बोर्ड लगाकर पुल क्षतिग्रस्त होने की सूचना लिख दी गई है।
अधिशासी अभियंता ने आवागमन रोकने के लिए डीएम व एसपी को पत्र भी भेजा था। जहानगंज एसओ दिनेश गौतम ने बताया कि ऐसा कोई पत्र तो नहीं मिला लेकिन लोक निर्माण विभाग की सूचना पर पिकेट को पुल पर वाहनों की आवाजाही रोकने को कहा गया है।
फतेहगढ़ से छिबरामऊ जाने वाले वाहनों को बहोरिकपुर से मोहम्मदाबाद की ओर व जरारी से रजीपुर कमालगंज गुरसहायगंज जाने वाले मार्गों पर भेजा जा रहा। इसके अलावा गांव गदनपुर तुर्रा पर बने पुल से भी वाहन कन्नौज की ओर जा सकते हैं।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता आदित्य कुमार ने बताया कि पुल के निर्माण व उसकी वर्तमान स्थिति के संबंध में शासन में पत्राचार किया जा चुका है। शासन निरीक्षण के लिए विशेषज्ञों की टीम को भेजेगा। टीम की रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत कराई जाएगी। इसमें समय लगेगा।