वाहनों चालकों की मनमानी से लगा जाम
फर्रुखाबाद। वाहन चालकों की मनमानी और चौराहों-तिराहों पर पुलिस की लापरवाही की वजह से सोमवार को दिन भर जाम लगता रहा। लालसराय, ठंडी सड़क और चौक पर तो इस कदर जाम लगा कि घंटों तक लोग फंसे रहे। चटख धूप से लोग पसीना से तरबतर दिखे। बाद में पहुंची पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, तब कहीं जाम खुलने में सफलता मिली।
दो दिन कोरोना कर्फ्यू के बाद सोमवार को जैसे ही बाजार खुला, तो बड़ी संख्या में लोग घरों से निकले। लालगेट से तिकोना तक नो-एंट्री जोन होने के बावजूद बड़ी संख्या में टेंपो, कारें, ई-रिक्शा बाजार में घुस गए। लालगेट पर वाहनों को रोकने के लिए लगी यातायात पुलिस भी लापरवाह बनी रही।
नतीजतन सुबह 11 बजे के करीब लालसराय, ठंडी सड़क और चौक पर जाम लग गया। लालगेट पर तो इतना लंबा जाम लगा कि वाहन घुमना तक फंस गए। भीषण गर्मी के चलते जाम में फंसे लोग पसीना से तरबतर होते रहे। बाइकों और अन्य वाहनों में फंसे बच्चे रोते-बिलखते दिखे।
जाम की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। लालगेट पर यातायात पुलिस ने चौपहिया वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया। कई ई-रिक्शा और टेंपो को पकड़कर चालान भी काटे गए। जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लिंजीगंज बाजार में भी थमे वाहन
लिंजीगंज, मन्नीगंज और ग्राटगंज किराना का थोक बाजार है। यहां दिन भर बड़े वाहनों का कादरीगेट के रास्ते प्रवेश होता है। ट्रैक्टर ट्राली, लोडर, डीसीएम, तांगा, ठेलियां, टाटा मैजिक, टेंपो आदि की भीड़ जमा हो गई। लिंजीगंज में जाम लगा, तो कुछ वाहन लाल सराय की ओर से निकले। इसी दौरान मुख्यमार्ग पर भी जाम लग गया।