फर्रुखाबाद। मसेनी चौराहे पर पांचाल घाट की ओर नो एंट्री जोन में जाने से रोकने पर एक डीसीएम चालक ने साथी के साथ यातायात सिपाही से अभद्रता कर दी।
सूचना पर पहुंचे टीएसआई ने डीसीएम को कब्जे में लेकर दोनों को पकड़ लिया। सिपाही ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। यातायात पुलिस में सिपाही सिद्धगोपाल ने कादरीगेट थाने में मेरापुर थाने के गांव जरारी निवासी डीसीएम चालक राहुल तिवारी और साथी नरकसा मोहल्ले के श्रीनिवास गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है।
इसमें कहा कि रविवार शाम मसेनी चौराहे पर डायवर्जन पर ड्यूटी कर रहा था। उसी समय एक चालक डीसीएम को पांचाल घाट की ओर ले जाने लगा। उसे नो एंट्री जोन बताया गया, मगर वह नहीं माना। कड़ाई से मना करने पर वह अभद्रता करने लगा।
इसके बाद सूचना टीएसआई प्रदीप यादव को दी गई। कुछ ही देर में वह पुलिस वाहन के साथ पहुंचे और आरोपियों को हिरासत में लेकऱ डीसीएम कादरीगेट थाने में खड़ी करवा दी। यातायात उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज हुई है। पांचाल घाट पुल पर मरम्मत कार्य के चलते बड़े वाहनों को बंद किया गया है। रात नौ बजे के बाद ही भारी वाहन जा सकते हैं।