बेटे के साथ बाइक से जा रही महिला की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर
ही मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। शव ले
जाने को लेकर परिजनों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। जिला एटा के थाना
सरायअगहत के गांव अमोपुर भटान निवासी सईदन बेगम (55) पत्नी अलीदराज अपने
बेटे आकिल के साथ बाइक से थाना जहानगंज के गांव
करीमगंज गई थीं। मंगलवार की
सुबह यह बेटे के साथ वापस घर लौट रही थीं। जसमई बाईपास के पास मोड़ पर
आकिल ने बाइक मोड़ी। उसी समय सामने से ट्रैक्टर आ गया। ट्रैक्टर की चपेट
में आने से सईदन बाइक से नीचे गिर पड़ीं और पहियों के नीचे आ गईं। इससे
इनकी मौके पर मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक ने भागने का प्रयास किया लेकिन
आसपास के लोगों ने पकड़
लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर
को कब्जे में ले लिया। आकिल ने हादसे की सूचना मोबाइल पर अपने परिजनों को
दी। सूचना पर करीमगंज के तमाम लोग मौके पर आ गए। प्रधान इरफान और मायके के
लोग भी पहुंच गए। उसी समय पुलिस लोहिया अस्पताल ले जाने के लिए शव को टेंपो
में रख रही थी। परिवार के लोगों ने शव को नीचे रखने के लिए
कहा। इस पर
दरोगा राजेंद्र प्रसाद से परिजनों की नोकझोंक होने लगी। इस दौरान मऊदरवाजा
थाना के दरोगा मोहम्मद राशिद अख्तर फोर्स के साथ जा पहुंचे। दरोगा ने शव
को टेंपो से उतरवा लिया। परिजनों का कहना था कि यहीं पर पंचनामा भरा जाए।
इसके बाद शव का मौके पर पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।