पत्रकारों से बात करते सीएमओ डा. राकेश कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
पोलियो को मात देने के लिए कल 29 मई रविवार से अभियान चलेगा। इसका नाम मिशन इंद्रधनुष रखा गया है। अभियान सफल बनाने के लिए कुल 903 बूथ और 685 टीमें बनाई गई हैं। पांच दिन तक टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। स्कूल भी कल खुले रहेंगे। छूटे बच्चों को अभियान के तीसरे चरण में टीमें फिर से टीकाकरण करेंगी। इसके लिए भी विभाग ने रूपरेखा तैयार कर ली है। यह कार्यक्रम 7 से 15 जून तक चलेगा। यह जानकारी सीएमओ डा. राकेशकुमार ने शनिवार को पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि भारत में पोलियो लगभग खत्म हो चुका है। मगर पाकिस्तान और अफगानिस्तान में केस मिलने के कारण यहां भी पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम सुबह 9 से शाम 4 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में एएनएम, आशा और आगंनबाड़ी कार्यकत्रियों को लगाया गया है। उन्हाेंने बताया कि इसमें 0 से लेकर 2 वर्ष तक के बच्चों समेत गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा।
टीमें उन स्थानों पर भी जाएंगी जहां तीसरे चरण में टीकाकरण नहीं हुआ था। शहरी मलिन बस्ती, ईंट भट्ठा और प्रवासी स्थलों पर टीमें जाकर बच्चों और महिलाओं का टीकाकरण करेंगी। चौथे चरण तक जिले के सभी क्षेत्रों में टीकाकरण करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 70 एएनएम के खाली क्षेत्रों में टीमें लगाई जाएंगी।