शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए कक्ष में तैयारी करता कर्मचारी।
- फोटो : FARRUKHABAD
बुधवार को जिले में 21 केंद्रों पर दो पालियों में शिक्षक पात्रता परीक्षा होगी। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। 16839 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा केंद्रों पर 325 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। 5 सचल दल दोनों पालियों में नकलचियों की धरपकड़ को लगाए गए हैं। 31 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
शिक्षक पात्रता परीक्षा बुधवार को दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली की परीक्षा 2.30 से शाम 5.00 बजे तक होगी। सभी केेंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे व वायस रिकार्डर की व्यवस्था की गई है। पर्यवेक्षक समेत नोडल अधिकारी दोनों पालियों में भ्रमणशील रहेंगे।
सभी केंद्रों पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो कॉपी की दुकानें परीक्षा होने के कारण पूरे दिन बंद रहेंगी। प्रश्न पत्र कोषागार से दो घंटे पहले मंगवाए जाएंगे और केंद्र व्यवस्थापक की देखरेख में वीडियोग्राफी कराते हुए प्रश्न पत्र का बंडल खोला जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद शील्ड बंडल कोषागार में जमा कराए जाएंगे।
सोनभद्र जिले के पर्यवेक्षक ने डाला डेरा
शिक्षक पात्रता परीक्षा सकुशल कराने के लिए शासन ने जिला सोनभद्र के डायट प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद को तैनात किया है। बुधवार को पर्यवेक्षक ने जिले में डेरा डाल लिया और तैयारियों का जायजा लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं।
पर्यवेक्षक, स्टेटिक, नोडल भी केंद्र के अंदर नहीं ले जा सकेंगे स्मार्ट फोन
शिक्षक पात्रता परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए शासन ने इस बार अधिकारियों के केंद्र के अंदर स्मार्ट फोन नहीं ले जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। अब पर्यवेक्षक, स्टेटिक, नोडल अफसर भी परीक्षा के दौरान स्मार्ट फोन अंदर नहीं ले जा सकेंगे। इसको लेकर जिले के अधिकारियों ने सभी को शासन के आदेश से अवगत करा दिया है।