फर्रुखाबाद। कर्मचारी से मारपीट व भांजी से अभद्रता के मामले में गिरफ्तार बुलेट बाइक सवार तीन युवक जमानत पर छूट गए। पुलिस ने बुलेट सीज कर 28 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी में निवासी कर्मचारी 14 दिसंबर को अपनी नाबालिग भांजी के साथ स्कूटी से जा रहा था। इस दौरान बुलेट बाइक पर सवार तीन युवकों ने भांजी से अभद्रता कर दी थी। कर्मचारी ने पीछा कर जब युवकों को पकड़ा तो युवकों ने बेल्टों से हमला कर घायल कर दिया था। एसडीएम की सिफारिश के बाद भी पुलिस ने मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया था। अमर उजाला ने घटना की हकीकत प्रकाशित की तो एसपी ने संज्ञान लेकर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय से जांच कराई। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने पीड़िता व कर्मचारी के बयानों के आधार पर प्राथमिकी में धाराएं बढ़ाईं और घटना के मामले में अंबेडकर कालोनी निवासी शिवम उर्फ कल्लू, राजन नगला निवासी हिमांशू व नलकूप कालोनी धंसुआ निवासी नवीन को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। हालांकि तीनों आरोपी जमानत पर छूट गए।