नवाबगंज।
थाना क्षेत्र के नगला दमो गांव में मंगलवार को संदिग्ध हालात में तीन किसानों के खेतों में आग लग गई। आग ने दो किसानों के खेत में खड़ी गेहूं की फसल को भी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया।
गांव निवासी रिंकू शर्मा के छह बीघा खेत में गन्ना की फसल खड़ी है। उसके खेत में आग लगी देख आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़ पड़े। रिंकू भी मौके पर आ गए। हवा चलने के कारण आग से कुतुबुद्दीनपुर निवासी देवेंद्र यादव और रामदास जाटव के तीन-तीन बीघा गेहूं का खेत भी जलने लगा। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल रोहित अवस्थी व कानूनगो उमेश अवस्थी मौके पर पहुंचे और क्षति का आंकलन किया। प्रधान संजीव यादव ने बताया कि पीड़ित ग्रामीणों को मुआवजा दिलवाया जाएगा। रिंकू शर्मा ने रंजिशन खेत में आग लगाने का आरोप लगाया।