तीन ग्रामीणों पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
राजेपुर। विश्व हिंदू परिषद व आरएसएस के नेताओं ने थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया पट्टीदारापुर में तीन ग्रामीणों पर धर्म में परिवर्तन कराने का आरोप लगाया। तीनों के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद के नेता ने थाने में तहरीर दी। अनदेेखी करने पर विहिप नेताओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई।
विश्व हिंदू परिषद के नेता दिनेश तोमर ने गढ़िया पट्टीदारापुर निवासी तीन लोगों के खिलाफ दी तहरीर में कहा कि यह लोग एक धर्म का प्रचार प्रसार कर रहे हैं। धर्म परिवर्तन कराने पर इन लोगों को रुपये और उपहार मिलता है।
दिनेश तोमर का कहना है कि वह संगठन के अन्य लोगों व आरएसएस के रोहित तिवारी के साथ गांव गए। वहां हकीकत देखने के बाद पुलिस को लेने थाने गए। पुलिस ने आने से मना कर दिया। इसको लेकर पुलिस से नोकझोंक हो गई। बाद में पुलिस गांव गई और दो लोगों को पकड़ कर ले आई। उनसे पूछताछ की जा रही है। एसओ देवेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।