फर्रुखाबाद में कोरोना के पांच और मरीज मिले
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के फर्रुखाबाद जनपद में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते शुक्रवार की देर रात आई जांच रिपोर्ट में दीवान सहित तीन सिपाही पॉजिटिव पाए गए। इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। तीनों आरक्षियों को एल-1 अस्पताल में डा. अनार सिंह मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
शहर कोतवाली के हेड मोहर्रिर ओमप्रकाश शर्मा की बीमारी के चलते 22 जून को मौत हो गई। 23 जून को आई जांच रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इससे कोतवाली सील कर दी गई। 24 जून को 64 पुलिस कर्मियों की सैंपलिंग कराई गई। शुक्रवार की रात पहले 50 सिपाहियों की रिपोर्ट निगेटिव आई।
इसके बाद आई जांच रिपोर्ट में घुमना चौकी का दीवान, एक सिपाही व आवास विकास चौकी का एक सिपाही के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। दीवान परिवार के साथ पुलिस लाइन स्थित आवास में रहता है। उन्हें पिछले पांच-छह दिन से बुखार भी आ रहा था जबकि, सिपाही घुमना चौकी में ही अन्य पुलिस कर्मियों के साथ रहते थे।
आवास विकास चौकी का सिपाही कालोनी में स्थित आवास में अकेले रहता है। कोरोना संक्रमित मिले तीनों सिपाहियों को डा. अनार सिंह मेडिकल कालेज एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे फर्रुखाबाद जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 135 पहुंच गई। इनमें 77 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके, जबकि दीवान सहित 6 मरीज दम तोड़ चुके हैं। कुल 52 केस अभी एक्टिव हैं।