नकब की जांच पड़ताल करते फील्ड यूनिट के सदस्य।
- फोटो : amarujala
कस्बे में बुधवार रात चोरों ने तीन परचून दुकानों में धावा बोलकर लाखों रुपये का माल चुरा लिया। चौकी के पास हुई घटना के दौरान पुलिस सोती रही जबकि चोर चोरी करते रहे।
मोहल्ला नईबस्ती निवासी प्रेम, कुबेरपुर गांव निवासी लईक व उसके भाई नदीम की नगर के पुलगालिब तिराहे के पास परचून की दुकान है।
बुधवार रात चोरों ने पीछे से इन दुकानों में नकब लगाई। तीनों दुकानों से सिर्फ नकदी ही चुराई। गुरुवार सुबह जब दुकानदारों ने दुकान खोली तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। आसपास दुकानदारों की भीड़ लग गई। दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
प्रेम ने बताया कि दुकान में एक लाख 80 हजार रुपये, लईक ने बताया कि उसके यहां 60 हजार व नदीम ने बताया कि उसके यहां 42 हजार रुपये चोरी हुए हैं। इस संबंध में पीड़ित दुकानदारों ने तहरीर दी। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दधिबल तिवारी ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।