फर्रुखाबाद। विधिक माप विज्ञान विभाग, प्रयोगशाला की ओर से तीन दिवसीय सत्यापन शिविर संपन्न हुआ। कायमगंज में आयोजित इस शिविर में विभाग की अधिकारी वीनू तिवारी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इस दौरान भारतीय उद्योग व्यापार मंडल फर्रुखाबाद के जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री और उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। शिविर में विभिन्न प्रकार के वाणिज्यिक बाट-कांटे, इलेक्ट्रॉनिक मशीनें और माप उपकरणों का परीक्षण एवं सत्यापन किया गया।
अधिकारियों ने उपस्थित उपभोक्ताओं और व्यापारियों को विधिक माप विज्ञान अधिनियम के प्रावधानों, सटीक माप के महत्व और समय-समय पर उपकरणों के सत्यापन की अनिवार्यता के बारे में जागरूक किया।
अपील की कि व्यापारी केवल सत्यापित और मोहरबंद उपकरणों का ही प्रयोग करें, ताकि उपभोक्ताओं का विश्वास बना रहे और व्यापार में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।