कयमगंज कोतवाली में खड़े आरोपी।
- फोटो : FARRUKHABAD
बस में व्यापारी से 10 लाख की टप्पेबाजी में तीन गिरफ्तार
कायमगंज। दो माह पूर्व बस में व्यापारी से 10 लाख रुपये की टप्पेबाजी में तीन आरोपियों को कोतवाली पुलिस व एसओजी ने गिरफ्तार कर लिया। उनके दो साथी भाग गए। आरोपियों से चार लाख रुपये, घटना में इस्तेमाल बाइक व टाटा मैजिक के साथ बस यात्री का आधार कार्ड व बेटी के शिक्षा संबंधी कागजात बरामद किए।
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के बीबीगंज निवासी व्यापारी अनिल कुमार वर्मा 2 मार्च को थैले में 10 लाख 70 हजार रुपये लेकर बस से दिल्ली जा रहे थे। उनके पीछे बीबीगंज से ही कुछ शातिर लग गए और बस में उनके पास बैठ गए। अन्य साथी बाइक व टाटा मैजिक से बस के पीछे चल रहे थे। कायमगंज के पुल गालिब तिराहे के पास शातिर नोटों से भरा थैला पार कर उतर गए और साथियों के साथ फरार हो गए।
घटना से अनिल की हालत खराब हो गई। परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। अनिल ने दो माह बाद 6 मई अज्ञात चोरों पर रिपोट4 दर्ज कराई। एसपी ने खुलासे के लिए इंस्पेक्टर विनय राय व एसओजी प्रभारी दिनेश गौतम को जिम्मेदारी सौंपी। टीम ने मोहित सक्सेना निवासी मोहल्ला मछरट्टा, राजीव वर्मा निवासी मन्नीगंज कोतवाली फर्रुखाबाद, अशोक कुमार निवासी कतरौली पट्टी थाना कमालगंज को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ राजवीर सिंह गौर ने एसडीएम अमित आसेरी की मौजूदगी में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया धर्मेंद्र उर्फ डीके, सुनील उर्फ सिंटू निवासीगण कतरौली पट्टी थाना कमालगंज भाग गए हैं। उनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।