शहर कोतवाली में धनीराम से पूछताछ करते इंस्पेक्टर विनोद शुक्ला व बैठे हिंदू महासभा के पदाधिकारी।
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। पांचाल घाट पर धर्मांतरण संबंधी पत्रक बांट रहे एक युवक और दो महिलाओं को लोगों ने पकड़ कर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। हिंदूवादी नेताओं की तहरीर पर तीनों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
रविवार दोपहर करीब दो बजे पुराना पांचाल घाट निवासी रामदास गुप्ता के मकान के पास एक युवक और दो महिलाएं कुछ पत्रक और पुस्तकें बांट रहे थे। इनमें सनातन धर्म की आस्था और देवीदेवताओं को अपमानित करने वाले शब्दों का प्रयोग किया गया था। इसके साथ धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित भी किया जा रहा था। रामदास ने पुलिस को सूचना दी। इस पर तीनों नेे भागने का प्रयास किया तो रामदास व डॉ. रामगोपाल चौहान तीनों को पकड़ कर पांचाल घाट चौकी ले गए। जहां पूछताछ में पुलिस को उन्होंने अपना नाम धनीराम निवासी आड़रपुर थाना चौबिया जिला इटावा और शहर कोतवाली के मसेनी निवासी पुष्पा व भोपतनगला निवासी खुशी बताया।
पुलिस तीनों को लेकर कोतवाली लेकर पहुंची। उनके पास से पत्रक और पुस्तकें भी बरामद हुईं। सूचना पर हिंदू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष क्रांति पाठक पहुंच गए। कोतवाल विनोद शुक्ला ने बताया कि रामदास गुुप्ता, विमलेश मिश्रा और क्रांति पाठक की तहरीर पर एक युवक और दो महिलाओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है।