मोहम्मदाबाद। कस्बा संकिसा मार्ग पर किराने व मोबाइल की दुकान में गुरुवार रात जीने से नकब लगाकर चोर घुस गए। यहां से करीब 50 हजार का सामान व नगदी चोरी कर ले गए। शुक्रवार को दुकानदार ने जब अपनी दुकान खोली तो चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। दुकानदार ने तहरीर दी है।
मोहल्ला कबीरनगर निवासी सर्वेंद्र कुमार यादव की संकिसा मार्ग पर यादव किराना स्टोर के नाम से दुकान है। इस दुकान में अलग काउंटर लगाकर वह मोबाइल की बिक्री भी करते हैं। गुरुवार रात चोर दुकान में पीछे से चढ़ गए। चोरों ने दुकान के जीने की दीवार में नकब लगा दिया। इसके बाद तीन मोबाइल, दस हजार रुपये के सिगरेट के पैकेट, दो हजार की रेजगारी व किराने का सामान तेल, घी, साबुन आदि ले गए। शुक्रवार को सर्वेंद्र दुकान खोलने गए तो शटर उचकाकर देखते ही उनके होश उड़ गए। बताया कि चोर पचास हजार का सामान चुरा ले गए हैं। दुकानदार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल राकेश कुमार ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात बताई है।