सातनपुर में चोरी के बाद टूटी कुंडी दिखाता युवक।
- फोटो : FARRUKHABAD
आतिशबाजी की दुकान से हजारों की चोरी
फर्रुखाबाद। दरवाजे की कुंडी तोड़कर और शटर काटकर आतिशबाजी की थोक दुकान में घुसे चोरों ने हजारों रुपये की नगदी समेत सामान चुरा लिया। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
शहर कोतवाली के नेहरू रोड स्थित दयाराम गली निवासी आनंद कपूर की सातनपुर में आतिशबाजी की थोक दुकान है। मंगलवार शाम सात बजे दुकान बंद करके वह घर चले गए। बुधवार सुबह नौकर दुकान खोलने पहुंचा, तो उसने ऊपरी मंजिल के दरवाजे खुले देखे। सूचना मिलते ही आनंद परिवार के साथ दुकान पहुंचे। वहां पता चला कि चोर पिछवाड़े से छत पर चढ़े और जीने के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस गए। नीचे दो कमरों के ताले तोड़े।
शटर को उचका दिया। इसके बाद सभी तीन सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर व एलसीडी चुरा लीं। काउंटर में रखी 13 हजार की नगदी, 600 रुपये की रेजगारी समेत आवश्यक कागजात भी पार कर दिए। सीसीटीवी कैमरे की एलईडी भी निकाल ले गए। आतिशबाजी उतारने को रखी सीढ़ी पीछे खाली प्लाट में रखी मिली।
इससे आशंका जताई जा रही है कि उसी से उतरकर चोर भाग गए। आनंद कपूर की सूचना पर आईटीआई चौकी प्रभारी रविंद्र नाथ पहुंचे। उन्होंने जांच की। पीड़ित ने तहरीर दे दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि नगदी आदि सामान चोरी होने की बात कही जा रही है। आतिशबाजी नहीं गई है। घटना की जांच की जा रही है।