एआरएम को इटावा डिपो की बस में बिना टिकट मिले नौ यात्री
फर्रुखाबाद। इटावा से आ रही एक रोडवेज बस को एआरएम आरसी यादव ने टीम के साथ चेक किया। उसमें महज नौ यात्री सवार थे। सभी को फर्जी टिकट दिए गए थे। टीआई के ईटीएम मांगने पर परिचालक उलझ गया। काफी मशक्कत के बाद ईटीएम छीन ली। हालांकि वे-बिल लेकर फरार हो गया। आरएम को सूचना देकर स्थानीय परिचालक के साथ बस को इटावा भेजा गया है।
एआरएम को बदायूं रोड पर बसों में बिना टिकट यात्री ले जाने की सूचना मिली थी। इस पर एआरएम ने टीआई मोहम्मद हासिम के साथ सुबह चार बजे राजेपुर के पास बस को चेक किया। वहां सब कुछ सही मिला। इसके बाद सुबह करीब नौ बजे एआरएम मुरहास कन्हैया के पास चेकिंग करने पहुंचे।
उन्हें इटावा डिपो की बस फर्रुखाबाद की ओर आते दिखी। बस रुकवा ली। टीआई ने चालक से टिकट मशीन मांगी, तो वह झगड़ने लगा। एआरएम भी पहुंच गए। टीआई ने जबरन मशीन छीन ली। मौका पाते ही परिचालक देव कुमार मौके से फरार हो गया। उसने एआरएम को वे-बिल भी नहीं दिखाया।
एआरएम ने बताया कि बस में नौ यात्री सवार थे। उनके पास जो टिकट थे, वह फर्जी थे। चेकिंग रिपोर्ट में बेवर-फर्रुखाबाद की नौ सवारियां बिना टिकट लिख दी गई हैं। आरएम इटावा को फोन पर सूचना दे दी गई है। बस को रोडवेज बस स्टैंड में खड़ा करवा लिया गया। दोपहर बाद स्थानीय परिचालक को बस लेकर इटावा भेजा गया है। एआरएम ने बताया कि चेकिंग अभियान लगातार चलता रहेगा।