शमसाबाद। क्षेत्र के गांव फतेहपुर व कासिमपुर तराई के मजरा लोधीपुर में चोरों ने बुधवार रात दो घरों को निशाना बनाया। चोरों ने दोनों घरों से 85 हजार रुपये व जेवर पार कर दिए। गृह स्वामियों को बृहस्पतिवार सुबह घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी प्रमोद कुमार बुधवार रात घर के एक कमरे में परिवार के साथ सो रहे थे। जबकि पास के ही दूसरे कमरे में सामान रखा था। चोरों ने कमरे में नकदी व जेवर पार कर दिए। प्रमोद कुमार ने बताया कि चोरों ने उनके कमरे की बाहर से कुंडी बंद कर दी थी। जब वह रात में लघुशंका के लिए उठे तो कुंडी बंद देख उन्होंने पड़ोसी को बुलाया और वह कमरे से बाहर निकले। तब तक चोर भाग चुके थे। दूसरे कमरे में जाकर देखा तो चोर बक्से आदि तोड़कर 50 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवर, कपड़े आदि चुरा ले गए थे। ग्रामीणों के साथ खोजबीन की तो खेत में शृंगारदानी पड़ी मिली। सूचना पर सुबह यूपी 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रमोद कुमार ने घटना की तहरीर थाने में दी है।
इसके अलावा गांव कासिमपुर तराई के मजरा लोधीपुर निवासी शिव शरण के घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर 35 हजार रुपये चोरी कर ले गए। शिवशरण ने बताया वह दूसरे मकान में सोए थे। 80 वर्षीय मां छत पर कमरे में सो रही थीं। सुबह जागने पर घटना की जानकारी हुई। घटना की सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष रमेश सिंह चोरी की घटनाओं की जानकारी से इन्कार किया है। उन्होंने बताया कि किसी पीड़ित ने उन्हें तहरीर नहीं दी है।