निवर्तमान प्रधान, जेई व सचिव से होगी रिकवरी
फर्रुखाबाद। राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव गांधी में अमानक सीसी रोड के निर्माण में निवर्तमान प्रधान, जेई व तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव से 91 हजार रुपये की रिकवरी की जाएगी। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान खराब गुणवत्ता पर जांच के आदेश दिए थे।
ग्राम पंचायत गांधी में 26 दिसंबर 2020 को चौपाल में जनसुनवाई बाद जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया था। राज्य वित्त व 14वें वित्त आयोग से कराया गया सीसी सड़क का निर्माण खराब मिलने पर जिलाधिकारी ने वसूली के आदेश दिए थे। इस पर अधिशासी अभियंता नलकूप खंड, सिंचाई विभाग व पीडब्ल्यूडी की कमेटी ने जांच की तो निर्माण अमानक मिला।
एस्टीमेट के अनुसार करीब 91 हजार रुपये का घपला पकड़ा गया। जिलाधिकारी ने निवर्तमान प्रधान रीना पत्नी सुनील, अवर अभियंता आरईडी राकेश बाबू रमन व तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी राजीव गौतम से बराबर के अनुपात में वसूली करने के निर्देश दिए हैं। ग्राम विकास अधिकारी राजीव गौतम इन दिनों ब्लॉक बढ़पुर में तैनात हैं।
इससे पहले भी ग्राम विकास अधिकारी राजीव गौतम से बढ़पुर की ग्राम पंचायत याकूतगंज में सड़क निर्माण में गड़बड़ी पाए जाने पर रिकवरी हो चुकी है। इसके बावजूद इन दिनों उनके पास ग्राम पंचायत याकूतगंज का भी चार्ज है। जिलाधिकारी ने एक सप्ताह में रिकवरी धनराशि जमा न करने पर भूराजस्व की तरह वसूूली करने के आदेश दिए हैं।