फर्रुखाबाद। लोडर की टक्कर से जान गंवाने वाले कार सवार दो भाइयों के शव गुरुवार देर रात गांव पहुंचे। पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। हादसा गया से लौटते वक्त सुल्तानपुर हाईवे पर हुआ।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव पखना निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राधेश्याम गौतम की पत्नी अनीता की एक माह पहले मौत हो गई थी। वह मंगलवार को छोटे भाई संतोष , पुत्र काका, पुत्री पिंकी व गुड़िया के साथ कार से बिहार के गया में अस्थि विसर्जन करने गए थे। बुधवार देर शाम सभी लोग गया से लौट रहे थे।
इस दौरान सुल्तानपुर में हाईवे पर कार में लोडर ने टक्कर मार दी। टक्कर से कार सवार राधेश्याम (66) व संतोष गौतम (60) की मौके पर मौत हो गई। पुत्र व दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। गुरुवार देर रात दोनों भाइयों के शव गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया। परिवार के दो भाइयों की मौत से गांव में मातम पसर गया।