फर्रुखाबाद। आवास-विकास में लगे सीवर प्लांट के ताले तोड़कर चोरों ने दो मोटर, केबल समेत 10 लाख रुपये का सामान पार कर दिया। सुबह ऑपरेटर की सूचना पर पहुंचे जोन प्रभारी ने विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी। तहरीर के बाद पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
कादरीगेट थाने के आवास-विकास काॅलोनी का लकूला के पास सीवर प्लांट लगा है। इस पर सुबह छह से दोपहर दो और दोपहर दो से रात 10 बजे तक ऑपरेटर की तैनाती रहती है। शनिवार रात किसी वक्त चोरों ने पूर्व की ओर खाली मैदान की तरफ की बाउंड्रीवाल तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद कमरों को ताले तोड़कर उसमें रखी 30 हॉर्सपावर और 12 हॉर्सपावर की दो मोटरें, 60 मीटर केबल, मोटर व चेनपुलिंग का काफी सामान चोरी कर लिया।
सुबह छह बजे ऑपरेटर अरविंद के पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने जोन प्रभारी नीरज वर्मा ने चोरी की जानकारी ईओ विनोद कुमार को फोन से दी। इसके बाद थाने में तहरीर दी गई। तहरीर मिलने के बाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। चोरी गईं दोनों मोटरों, केबल समेत अन्य सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। इंस्पेक्टर आमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ऑपरेटरों से भी जानकारी हासिल की जाएगी।