कन्नौज के शमसाबाद में गांव नैगवां में रविवार की रात चोरों ने दो घरों में पड़े तालों को तोड़ दिया। दोनों ग्रामीणों के घर से नगदी व कपड़े चोरी कर ले गए। पीड़ितों ने थाने पहुंच कर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव नैगवां निवासी बृजेश राजपूत व पत्नी सावित्री देवी रविवार की रात एक घर में ताला डाल कर अपने दूसरे घर में चली गई थी। सोमवार सुबह घर आई तो ताला टूटा पड़ा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी खुली और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे पांच हजार रुपये व गैस सिलिंडर गायब था। इसी गांव निवासी दफेदार की पत्नी रामबेटी की तबीयत खराब थी।
इससे दफेदार घर में ताला डाल कर पत्नी का उपचार कराने नवाबगंज एक नर्सिंग होम गए थे। रात में चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ दिया और कमरे में रखी अलमारी से छह हजार रुपये व कपड़े चोरी कर ले गए। पड़ोसी की सूचनना पर दफेदार सुबह लौट कर आए। बृजेश राजपूत व दफेदार ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी है। एसओ जेएन सोनकर ने बताया कि जांच कराई जा रही है।