फर्रुखाबाद। बंद मकान के रोशनदान की जाली तोड़कर घुसे चोरों ने पंखा, टोंटी सहित कीमती सामान चोरी कर लिया। चोर बिजली की वायरिंग भी उखाड़कर ले गए।
चिंतामणि निवासी अनिल कुमार वर्मा का कादरीगेट थाने के मोहल्ला मदारबाड़़ी में मकान है। उसमें उनके पुत्र गोविंद वर्मा की सराफा की दुकान है। मकान में अधिकांश समय ताला पड़ा रहता है। शुक्रवार दोपहर बाद अनिल और गोविंद मकान पर पहुंचे। उन्होंने गेट का ताला खोलकर देखा तो मकान की वायरिंग उखड़ी पड़ी थी।
सभी कमरों के पंखे, बल्व, होल्डर, ट्यूबलाइटें गायब थीं। यही नहीं रसोईघर और आंगन की फर्श का काफी हिस्सा टूटा और मिट्टी खुदी पड़ी थी। मकान में रखा अन्य कीमती सामान भी गायब था।
गोविंद ने बताया कि दुकान का एक गेट अंदर मकान में खुलता है। चोरों ने उस गेट को तोड़ने का काफी प्रयास किया। उसमें लकड़ी और लोहे का गेट लगा है। चोर गेट तोड़ने में सफल नहीं हो सके। इससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बताया कि चोरों को शक होगा कि जमीन में जेवरात गड़े होंगे, इसीलिए पक्की फर्श खोद डाली।
उन्होंने सीढि़यों से प्रथम तल पर देखा तो कुंडी लगी थी, एक रोशनदान टूटा था। अनुमान है कि चोर पड़ोसी की छत से रोशनदान तोड़कर घर में घुसे थे। सूचना पर देर शाम आईटीआई चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने जांच की। अनिल कुमार ने तहरीर दे दी है।