नवाबगंज। गांव त्योरी में आंधी से टूटे पोलों के लगने के बाद तारों को हाईटेंशन लाइन से जोड़ने के दौरान एक कर्मी करंट की चपेट में आने से झुलस गया और पोल से नीचे गिर गया। हादसा होते ही ठेकेदार भाग गया। दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य ज्योति योजना के तहत कार्यदायी संस्था ने गांव त्योरी में विद्युतीकरण का काम कराया था। चार दिन पहले आई आंधी में तीन-चार पोल टूट गए थे। शनिवार को संस्था के ठेकेदार हरिओम कर्मचारियों को लेकर गांव पहुंचे और पोल लगवा कर तार बिछवाए।
मैनपुरी जिले के थाना एलाऊ के गांव किशोरपुर निवासी सत्यवीर हाईटेंशन लाइन से तार जोड़ने के लिए पोल पर चढ़ा। ठेकेदार ने उस दौरान उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति बंद करा दी। तार जोड़ते समय ठेकेदार ने आपूर्ति शुरू करा दी। इससे सत्यवीर करंट की चपेट में आने से झुलस गया और पोल से नीचे आ गिरा। उसे जख्मी देख ठेकेदार हरिओम वहां से खिसक गया। गांव वालों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे पहले लोहिया अस्पताल, फिर सैफई रेफर कर दिाय गया।