फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल में लगी अल्ट्रासाउंड मशीन तीन दिन से बंद है। इसके चलते मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूर-दराज के गांव से इलाज के लिए आने वाले मरीज अल्ट्रासाउंड न हो पाने से मायूस होकर लौट रहे हैं।
लोहिया अस्पताल में बैटरी चार्ज न हो पाने से अल्ट्रासाउंड मशीन लोड नहीं ले पा रही है। इसके चलते तीन दिन से मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। प्रतिदिन 30-40 मरीज अल्ट्रासाउंड कराने पहुंच रहे हैं पर मशीन चालू न होने से जांच नहीं हो पा रही है। गर्भवती महिलाएं, पेट दर्द, किडनी, लिवर जैसी अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज परेशान हैं। जांच न हो पाने से मरीज प्राइवेट अस्पताल से ऊंचे दामों में अल्ट्रासाउंड कराए जाने के लिए मजबूर है। सीएमएस डाॅ. जगमोहन ने बताया कि यूपीएस व बैटरी खराब होने से अल्ट्रासाउंड सेवा 26 दिसंबर से बंद है। इसके लिए पत्राचार किया गया है। दो दिन में बैटरी व यूपीएस आने से अल्ट्रासाउंड सेवाएं शुरू हो जाएंगी।