चारपाई पर सो रहे मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला
कंपिल। क्षेत्र के गांव लोधीपुर में गुरुवार देर शाम दरवाजे पर पड़ी चारपाई पर सो रहे बच्चे की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। गांव लोधीपुर निवासी होतेलाल की बेटी किताबी देवी रक्षाबंधन पर बेटे के साथ मायके आई थी। होतेलाल ने मक्का की खंदाई के लिए जनपद एटा थाना अलीगंज के गांव बिल्सड़ से ट्रैक्टर मंगाया।
शाम को मक्का की खंदाई के बाद चालक ट्रैक्टर दूसरे खेत में ले जा रहा था। इधर किताबी देवी का बेटा आयुष (3) दरवाजे पर पड़ी चारपाई पर सो रहा था। अचानक ट्रैक्टर चारपाई से टकरा गया। इससे चारपाई टूट गई और आयुष गिर गया। यह देख घबराए चालक ने ट्रैक्टर भगाने का प्रयास किया। इससे आयुष की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। परिजनों व ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर जमकर धुनाई की।
सूचना पर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार गंगवार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। चालक को छुड़ाने के दौरान ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। पुलिस ट्रैक्टर सहित चालक को थाने ले आई। बाद में बच्चे का शव लेकर परिजन भी वहां पहुंच गए।
उधर जनपद एटा के गांव नगला धालू निवासी किताबी देवी के ससुरालीजनों को सूचना दे दी गई। किताबी देवी के पांच वर्षीय बेटा प्रवेश और है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार गंगवार ने बताया कि चालक को ट्रैक्टर सहित हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।