कायमगंज।पीतल के बर्तन साफ करने का पाउडर बेचने दरवाजे पर आए बाइक सवार बदमाशों ने शिक्षक की पत्नी को बेहोश कर घर से लाखों रुपए के नकदी-जेवर उड़ा लिए।
शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के दत्तू नगला न्यू कॉलोनी में सोमवार को टप्पेबाजी की वारदात सामने आई। शिक्षक अंकेश यादव की पत्नी अनुराधा को घर में अकेला पाकर दो टप्पेबाजों ने नकदी व जेवरात उड़ा दिए। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे शिक्षक की पत्नी अनुराधा दरवाजे पर झाड़ू लगा रही थीं। तभी बाइक सवार दो युवक पहुंचे और पीतल के बर्तन साफ करने का पाउडर बेचने का बहाना बनाया। महिला ने मना किया तो वे जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघा दिया जिससे वह बेहोश हो गईं।
इसके बाद बदमाशों ने कमरे में रखी सेफ से 50 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी कान के टॉप्स, एक अंगूठी और मंगलसूत्र पार कर दिए। बाद में घर के वॉशबेसिन पर पाउडर की दो थैलियां भी मिलीं। करीब एक घंटे बाद पीड़िता को होश आया तो वह चीखते-चिल्लाते हुए बाहर निकली। तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। शोर सुनकर पड़ोसी जुटे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल की। क्राइम इंस्पेक्टर कामिल खान ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू की गई है।अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।