शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। रेलवे ट्रैक पर छात्रा के नग्न शव पाए जाने के मामले में पिता ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें दुष्कर्म के बाद पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया है। एसओ ने जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। पुलिस को जांच में पता चला कि छात्रा दो दिन से कोचिंग नहीं गई थी। वहीं कुछ लोगों ने छात्रा को रेलवे ट्रैक पर रविवार शाम सात बजे जाते देखा। छात्रा घर के मोबाइल का ही इस्तेमाल करती थी।
क्षेत्र निवासी किसान की 17 वर्षीय पुत्री कक्षा 12 की छात्रा थी। वह रविवार शाम 6.30 बजे कोचिंग के लिए घर से निकली थी। इसके बाद घर नहीं लौटी। सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक की गेट संख्या 174 सी से 200 मीटर दूरी पर उसका निर्वस्त्र शव मिला था। भाई, मां, पिता ने पुत्री का अपहरण कर हत्या करने की आशंका जताई थी। मंगलवार शाम पिता ने थाने में दो तहरीर दी। एक तहरीर में अपहरण कर हत्या व दुष्कर्म की आशंका जाहिर की। बाद में दूसरी तहरीर दी। इसमें अज्ञात लोगों पर पुत्री की हत्या या उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। एसओ रामबाबू ने बताया कि पिता ने तहरीर दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। छात्रा दो दिन से कोचिंग में पढ़ने नहीं गई थी। घटना स्थल पर लोगों से जानकारी में पता चला कि छात्रा रविवार शाम रेलवे ट्रैक पर जाती दिखाई दी थी। उसके पास मोबाइल नहीं था। वह घर का मोबाइल ही इस्तेमाल करती थी। फिर भी पुलिस जांच कर रही है।
एसओ का तर्क नहीं उतर रहा किसी के गले
एसओ रामबाबू का कहना है कि ट्रेन से दुर्घटना में छात्रा की मौत हुई है। छात्रा काफी दूर ट्रेन में घसीटती चली गई और उसके सारे कपड़े उतर गए। हैरत की बात है कि आस पास कहीं भी छात्रा के कपड़े का एक टुकड़ा भी पुलिस बरामद नहीं कर सकी। यदि छात्रा ने आत्महत्या भी की है तो कपड़े क्यों उतारेगी। इसका जवाब एसओ के पास भी नहीं हैै। पुलिस केवल घटना को दुर्घटना बताकर पूरे मामले से बचने का प्रयास कर रही है।
कोचिंग से ही जुड़ा है छात्रा की मौत का कारण
छात्रा की मौत का कारण कोचिंग से ही जुड़ा हुआ हैै। आखिर छात्रा दो दिन से कोचिंग क्यों नहीं जा रही थी। उसका किसके साथ विवाद हुआ था। यदि मामला प्रेम प्रंसग का है तो भी पूरी कहानी कोचिंग से ही जुड़ी हुई है। छात्रा किस-किस से बात करती थी और किससे नहीं पुलिस को इन पहलुओं पर छानबीन करने की जरूरत है।
छात्रा की मौत पर निकाला कैंडल मार्च
मंगलवार को छात्रा के कालेज के प्रधानाचार्य की अगुवाई में प्रधान व अन्य छात्र छात्राओं व गांव के लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर छात्रा को श्रद्धांजलि दी है। कई लोगों ने छात्रा की मौत पर दुख जाहिर कर दो मिनट का मौन भी रखा।