संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। आरटीओ कानपुर राकेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को जनपद में परिवहन विभाग के कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने नेकपुर स्थित एआरटीओ कार्यालय पहुंचकर राजस्व वसूली और प्रवर्तन की स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आरटीओ ने पांच वर्ष से बकाया वाहनों के मामलों और प्रवर्तन की गई कार्रवाइयों की जानकारी ली। एआरटीओ सुभाष राजपूत ने बताया कि परिवहन राजस्व वसूली के मामले में जनपद प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। अप्रैल से अक्तूबर माह के बीच बकाएदारों से 101.75 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। वहीं 30 नवंबर तक 464 बकाया में संचालित वाहनों का चालान किया गया, जिनमें से 368 वाहनों को बंद कराते हुए 93.61 लाख रुपये की वसूली की गई। इसके बाद आरटीओ ने मोहम्मदाबाद में निर्माणाधीन एआरटीओ कार्यालय भवन का निरीक्षण किया और कार्यदाई संस्था को गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट की भी समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।