कायमगंज। तीन दिन से ट्रांसफार्मर खराब होने से गुस्साए मझोला व रुटौल के ग्रामीणों ने बिजलीघर रुटौल पर धावा बोलकर हंगामा किया और बिजली आपूर्ति बंद करा दी। मामले की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की। अधिकारियों के दूसरा ट्रांसफार्मर मंगवाने के आश्वासन पर ग्रामीण माने।
रुटौल बिजली घर के मैदान में 100 केवीए का एक ट्रांसफार्मर रखा है। इससे मझोला व रुटौल आंशिक को बिजली आपूर्ति की जाती है। तीन दिन पहले यह ट्रांसफार्मर फुंक गया था। मामले की जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई थी। समस्या हल न होने पर दोनो गांवों के ग्रामीण आक्रोशित हो गए और रुटौल बिजली घर पर धावा बोल दिया।
ग्रामीणों ने एसएसओ विजय कुमार व आदित्य कुमार से कहा कि देहात व शहर की आपूर्ति तभी चलेगी, जब उनका ट्रांसफार्मर सही हो जाएगा। उसके बाद उन्होंने बिजली आपूर्ति बंद करा दी और हंगामा करने लगे। मामले की जानकारी एसएसओ ने एसडीओ व जेई को दी। जानकारी होने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने कहा कि तीन दिन से भीषण गर्मी में परेशान हैं। कई बार शिकायतों के बाद भी अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है।
पुलिस ने मामले की जानकारी एसडीओ व जेई को दी, जिस पर एसडीओ ने शाम तक ट्रांसफार्मर आने का आश्वासन दिया, तब कहीं ग्रामीण माने और वापस लौट गए। पूर्वाह्न 11.15 बजे बिजली आपूर्ति चालू हुई।