फोटो-17 रामगंगा नदी लभेड़ा घाट पर डूबा पंटून। स्रोत: जागरूक पाठक
अमृतपुर। तहसील क्षेत्र के गांव लभेड़ा घाट पर रामगंगा नदी में लोक निर्माण विभाग द्वारा चार दिन पूर्व पंटून पुल बनाया गया है। फूटे पंटून में पानी भर जाने से आधा डूब गया। इससे आवागमन बंद हो गया है। ग्रामीणों को पुल का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
गांव लभेड़ा के पास रामगंगा नदी में पंटून पुल की खबर अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने पंटून पुल का निर्माण तो पूरा करा दिया लेकिन सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए। पुल पर रेलिंग नहीं लगाई गई है। विभाग की लापरवाही के चलते एक फूटा पंटून लगा दिया गया। फूटा पंटून पानी भरने से आधा डूब गया। इससे रास्ता बंद हो गया। पुल से पैदल निकलना भी जोखिम भरा है।
क्षेत्र के देवेंद्र सिंह सोमवंशी, मनीराम, रोहित कुमार, निरभान सिंह आदि ग्रामीणों का कहना है कि पंटून पुल काफी देरी से बना है। इसके बाद भी काम सही नहीं किया है। ठेकेदार ने खानापूर्ति की है। पुल सही से न बनाए जाने से ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण खेत में जाने के लिए नाव या 25 किलो मीटर का चक्कर लगाकर पहुंच रहे हैं। जेई अंकित कुमार सिंह ने बताया कि कई पंटून फूटे हैं और उनमें पानी भरा है। उन्हें खाली कराकर कमी सही कराई जाएगी।