कलक्ट्रेट परिसर में ज्ञापन देते जिला पंचायत सदस्य रिंकू कटियार व सपा जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूक
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। गंगा एक्सप्रेसवे को फर्रुखाबाद जिले से निकालने की मांग के लिए चल रहा धरना पांचवें दिन सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर समाप्त कर दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचने का आश्वासन दिया है। धरने के अगुवाई रिंकू कटियार ने कहा कि अब जिले भर में बैनर लगाकर एक्सप्रेसवे जिले से दूर करने का विरोध किया जाएगा।
गंगा एक्सप्रेसवे को फर्रुखाबाद से निकालने की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह उर्फ रिंकू कटियार कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए थे। सोमवार को पांचवें दिन सपा जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी भी कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए। रिंकू ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे को गंगा से दूर करना अन्याय है। जिले में सभी विधायक और सांसद भाजपा के हैं फिर भी एक्सप्रेस-वे शाहजहांपुर से निकाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आठ दिन में एक्सप्रेसवे फर्रुखाबाद से निकालने का निर्णय नहीं हुआ तो सड़कों पर आंदोलन होगा। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य को ज्ञापन दिया गया। मुख्यमंत्री तक मांग पहुंचाने के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया। रिंकू कटियार ने कहा कि अब जनपद के अलग-अलग स्थानों पर बैनर लगाकर विरोध जताया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट को करना पड़ा इंतजार
सिटी मजिस्ट्रेट ज्ञापन लेने पहुंच गए। इसी बीच सपा जिलाध्यक्ष संबोधन करने खड़े हो गए। संबोधन पूरा होने तक सिटी मजिस्ट्रेट इंतजार करते रहे। इसके बाद ज्ञापन लिया।