कायमगंज। रविवार शाम पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रही महिला का पास बैठे एक बदमाश ने पर्स झपट लिया और कंपिल स्टेशन के पास धीमी गति से चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। पर्स में 21 हजार रुपये और मोबाइल रखा था। महिला ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला गंगा दरवाजा निवासी योगेश उपाध्याय, पत्नी अनिल प्रभा उपाध्याय के साथ पैतृक गांव सिनौली थाना गंजडुंडवारा जिला कासगंज गए थे। धान की बिक्री के 21 हजार रुपये लेकर दोनों रविवार को ट्रेन से आ रहे थे।
गंजडुंडवारा स्टेशन से वे पैसेंजर ट्रेन में बैठे। अनिल प्रभा के पर्स में रुपये व मोबाइल रखा था। ट्रेन की इसी बोगी में एक युवक रुदयान स्टेशन से आकर बैठ गया। वह महिला के पर्स पर नजर लगाए रहा। कंपिल स्टेशन से 200 मीटर पहले जब ट्रेन रुकने के लिए धीमी हुई, उसने पर्स झपटकर छीन लिया।
यह देख योगेश ने बोगी में उसका पीछा किया। जब तक वह उसे पकड़ पाते, वह चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। अनिल प्रभा ने कायमगंज स्टेशन पर उतरकर जीआरपी चौकी में लिखित सूचना दी। जीआरपी ने उनकी तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए चोर की तलाश शुरू कर दी है।