सोशल साइट पर हुई दोस्ती के चक्कर में फौजी ने युवती को दो लाख रुपये दे दिए। रुपये वापसी पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के बीच समझौता करा दिया।
मोहल्ला नोनियमगंज में रहने वाली एक युवती की थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के रशीदपुर में रहने वाले एक फौजी युवक से सोशल साइट पर दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों की फोन पर बातें होने लगीं। फौजी के अनुसार जुलाई में युवती ने अपने घर की हालत खराब बताकर पढ़ाई में रुपये देने की बात कही। फौजी ने उसे तीन बार में दो लाख रुपये दे दिए।
कुछ दिन बाद फौजी ने रुपये वापस करने को कहा तो युवती ने पैसे न होने और पैसे धीरे-धीरे चुकाने को बात कही। मंगलवार को युवती ने कुछ रुपये देने के लिये फौजी को नगर की पीएनबी बैंक में बुलाया। फौजी अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ पीएनबी बैंक पहुंच गया। यहां पर फौजी का रुपयों को लेकर युवती से विवाद होने लगा।
फौजी ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा होते देख वहां पर भीड़ एकत्र हो गई। युवती ने फौजी से कहा कि वह धीरे-धीरे रुपये दे देगी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को कोतवाली ले आई। इसी बीच दोनों के परिजन मौके पर पहुंच गए और समझौते के प्रयास शुरू किए गए। कोतवाली प्रभारी सुदीप मिश्रा ने बताया कि दोनों के बीच लिखित समझौता हो गया है।