कमालगंज। मवेशी चराने के दौरान हुए विवाद के बाद बुधवार को पीआरडी जवान के पुत्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए।वहीं ऑनलाइन एफआई की कॉपी न मिलने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया।थाने से रिपोर्ट की कॉपी मिलने पर परिजनों ने युवक का अंतिम संस्कार किया।
थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर कायस्थान के मजरा उमराव नगला निवासी पीआरडी जवान रघुनंदन सिंह ने हुसैनगंज निवासी सूरज राजपूत, पवन राजपूत, रामशरन, रामपाल के बड़े पुत्र नाम नामालूम, भाजपा कार्यकर्ता शिवम व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि उनके पुत्र संजेश बड़े पुत्र सुखदेव व भतीजे हरेंद्र के साथ मवेशियों को चराने के लिए बुधवार शाम करीब चार बजे कुतुबपुर बघार के पास खाली खेतों में गए थे। तभी आरोपियों से जानवर चराने को लेकर विवाद हो गया।
आरोपी सूरज ने टकोरा व अन्य ने सरिया धारदार हथियारों से संजेश पर जानलेवा हमला कर दिया। शिवम ने तमंचा लोड करके भतीजे व पुत्र पर ताने रहा जिससे संजेश को कोई बचा नहीं पाया। हमले में संजेश की मौके पर ही मौत हो थी। आरोपियों ने शव को गायब करना चाहा लेकिन शोर मचने पर वह शव नहीं ले जा पाए।
गुरुवार सुबह फोरेंसिक टीम थाने पहुंची। इंस्पेक्टर राजीव कुमार के साथ शव मिलने वाले स्थान पर आम के बाग में पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। टीम को घटना स्थल पर एक लोवर मिला, जिसे वह साथ ले गई। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है।
इनसेट
तनावपूर्ण स्थिति के बीच हुआ अंतिम संस्कार
संजेश की मारपीट कर हत्या को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। शाम को परिजनों ने गांव के सामने घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि परिजनों को मुकदमे की कॉपी दे दी गई है। शव का भी अंतिम संस्कार कर दिया गया।
-
पोस्टमार्टम में गंभीर चोट व अधिक खून बहने से हुई मौत की पुष्टि
संजेश यादव की मवेशियों को चराने के दौरान बुधवार को लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। गुरुवार को पोस्टमार्टम होने के बाद रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट लगने व अधिक खून बहने से हुई मौत की पुष्टि होने की बात सामने आई है। (संवाद)