फर्रुखाबाद। जिले के 21 परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइनों को बिजली विभाग ने हटवा दिया है। हालांकि अभी भी 40 विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है।
जनपद के 61 परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। करीब एक साल पहले जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने बिजली विभाग को पत्र भेजकर स्कूलों के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइनें हटवाए जाने की मांग की थी। पहले बिजली विभाग ने यह कहते हुए हाईटेंशन लाइन बदलने से इन्कार कर दिया था कि बजट मिलने के बाद ही स्कूलों के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइनें बदली जाएंगी।
हालांकि विभाग ने जिले के 21 परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइनें हटवा दी हैं। इसकी सूचना भी बिजली विभाग ने बीएसए कार्यालय को भेज दी है। प्रभारी जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अनुपम अवस्थी ने बताया कि 61 विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन हटवाने के लिए बिजली विभाग को पत्र भेजा था। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने बताया कि इस्टीमेट बनाकर जिला बेसिक शिक्षा विभाग को दिया जाएगा।
विभाग जब बिजली विभाग को हाईटेंशन लाइन हटाए जाने में आने वाले खर्च का भुगतान करेगा, उसके बाद ही बचे हुए स्कूलों से हाईटेंशन लाइन हटाई जाएगी। 21 परिषदीय विद्यालयों से हाईटेंशन लाइन हटाए जाने के बारे में जानकारी करवाएंगे। पता कराएंगे कि बेसिक शिक्षा विभाग ने बजट दिया है या नहीं।
इन विद्यालयों से हटाई गईं हाईटेंशन लाइनें
ब्लॉक राजेपुर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय जिठौली, ब्लॉक मोहम्मदाबाद क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बीघामऊ, देवसनी, दरियापुर हीरामन, प्राथमिक विद्यालय नगला मना, बसंतपुर, प्राथमिक विद्यालय घुरऊशादी नगर, उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला सूदन, रोहिला, अली दादपुर, पसनिंगपुर, नगला हरी, उच्च प्राथमिक विद्यालय सकवाई, प्राथमिक विद्यालय कटिया, प्राथमिक विद्यालय गाजीपुर, ज्यौंता, प्राथमिक विद्यालय रामपुर ढपरपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय कुतबुद्दीनपुर, ब्लॉक बढ़पुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय खैराबाद व कन्या प्राथमिक विद्यालय बुढ़नामऊ से हाईटेंशन लाइन हटा दी गई है।